पटना, 29 मार्च 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने रविवार को मैट्रिक (कक्षा 10) परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोपहर करीब 1:15 बजे परिणामों की घोषणा की। इसके साथ ही बिहार लगातार आठवें वर्ष देश में सबसे पहले बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित करने वाला राज्य बन गया है।
इस वर्ष कुल 15,12,687 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 12,35,743 छात्र सफल रहे। कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 81.79% दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष 82.11% की तुलना में थोड़ा कम है।
डिवीजन के अनुसार, 4,43,723 छात्रों ने प्रथम श्रेणी, 4,75,511 छात्रों ने द्वितीय श्रेणी तथा 3,03,103 छात्रों ने तृतीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की।
परिणामों में इस बार भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। कुल 6,34,353 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं, जबकि 6,01,390 छात्र सफल रहे।
टॉपर्स की सूची में भी छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई की पुष्पांजलि कुमारी और उच्च विद्यालय छौराही, वैशाली की सबरीन परवीन ने 492 अंक (98.4%) प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। वहीं, आर केआरआईटी हाई स्कूल, बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना 489 अंक (97.8%) के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे स्थान पर उच्च विद्यालय खरहना, बक्सर की अनुपा कुमारी और बीएसएस हाई स्कूल, बेगूसराय के ओम कुमार ने 488 अंक (97.6%) के साथ संयुक्त रूप से स्थान प्राप्त किया।
बोर्ड के अनुसार, इस वर्ष कुल 139 छात्रों ने टॉप-10 मेरिट सूची में जगह बनाई है। परिणाम जारी होने के साथ ही छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर अपने अंक देख सकते हैं।
– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)









