जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पत्रकारों के लिए प्रस्तावित आवास योजना में 3 बीएचके फ्लैट पर 15 लाख और 2 बीएचके पर 12 लाख रुपये की रियायत देने की घोषणा स्वागतयोग्य है, लेकिन पत्रकारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह पर्याप्त नहीं है। राजस्थान अधिस्वीकृत पत्रकार संघ ने सरकार से आवास पर अतिरिक्त छूट देने, पंजीयन शुल्क अधिकतम 25 हजार रुपये रखने और पात्रता की आय सीमा में व्यावहारिक बदलाव करने की मांग की है।
संघ के अध्यक्ष डॉ. अखिल बंसल ने कहा कि जिन पत्रकारों को 18 हजार रुपये मासिक सम्मान राशि मिलती है, उनके लिए परिवार का गुजारा करना ही कठिन है। ऐसे में 70 से 75 लाख रुपये तक के फ्लैट खरीदना और भारी मासिक किस्त चुकाना कैसे संभव होगा? सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि रियायत के बाद भी मकानों की कीमत पत्रकारों की पहुंच से बाहर न रहे।
संघ ने आवास योजना में प्रस्तावित पांच लाख रुपये की वार्षिक आय सीमा की समीक्षा करने की मांग की है। पात्रता के नियम पत्रकारों की वास्तविक आर्थिक स्थिति और आवास खरीदने की क्षमता को ध्यान में रखकर तय किए जाने चाहिए, ताकि जरूरतमंद पत्रकार योजना के लाभ से वंचित न रहें।
डॉ. बंसल ने कहा कि फ्लैट की कीमत के अतिरिक्त पंजीयन और अन्य शुल्क भी पत्रकारों पर आर्थिक बोझ डालते हैं। इसलिए पंजीयन शुल्क अधिकतम 25 हजार रुपये रखा जाए। साथ ही, फ्लैटों की कीमत में अतिरिक्त छूट, लंबी अवधि की आसान किस्तों और कम ब्याज दर पर ऋण की व्यवस्था पर भी विचार किया जाए।
पत्रकारों के लिए प्रस्तावित फ्लैटों की कीमत और निर्माण लागत का पारदर्शी विवरण सार्वजनिक करने की मांग करते हुए संघ ने कहा कि योजना की सफलता केवल छूट घोषित करने से नहीं, बल्कि इस बात से तय होगी कि कितने पात्र पत्रकार वास्तव में मकान खरीद पाते हैं। जयपुर के साथ प्रदेश के अन्य जिलों के अधिस्वीकृत पत्रकारों की आवासीय जरूरतों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
डॉ. अखिल बंसल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया कि वे उदारता का परिचय देते हुए पत्रकारों की आर्थिक स्थिति के अनुरूप अतिरिक्त रियायतें देने पर निर्णय करें। उन्होंने कहा कि पंजीयन शुल्क 25 हजार रुपये तक सीमित करने, आय सीमा की समीक्षा करने और भुगतान की शर्तें आसान बनाने के लिए **राजस्थान आवासन मंडल से संशोधित विज्ञप्ति जारी कराई जाए**, ताकि पत्रकारों को योजना का वास्तविक और उचित लाभ मिल सके।
राजस्थान अधिस्वीकृत पत्रकार संघ की मांग है कि पत्रकारों को केवल फ्लैट आवंटित करने के बजाय ऐसे किफायती आवास उपलब्ध कराए जाएं, जिन्हें वे अपनी सीमित आय में खरीद सकें।








