बेंगलुरु। अखिल भारतीय जैन पत्र संपादक संघ के तत्वावधान में दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ श्री क्षेत्र श्रवणबेलगोल में 26 व 27 अक्टूबर तथा टुमकुर में 28 व 29 अक्टूबर को जैन पत्रकार सम्मेलन का बृहद आयोजन किया जा रहा है। श्री क्षेत्र श्रवणबेलगोल में पूज्य भट्टारक स्वस्तिश्री चारूकीर्ति जी एवं टुमकुर में आचार्य श्री प्रमुख सागर जी ससंघ का मंगल सान्निध्य प्राप्त होगा। इस सम्मेलन में देशभर से पत्रकारों की भाग लेने की संभावना है। जैन पत्र संपादक संघ के महामंत्री डॉ अखिल बंसल ने बताया कि मथुरा में 21 व 22 अक्टूबर को तीर्थक्षेत्र कमेटी के अधिवेशन में सम्मिलित होते हुए सभी पत्रकार 25 अक्टूबर को बेंगलुरु पहुंचेंगे। वहां से कनकगिरि व अन्य निकटवर्ती तीर्थों की वंदना कर 26-27 को श्रवणबेलगोल व 28- 29 को टुमकुर में उपस्थित होंगे।
स्मरण रहे की विगत 20 वर्षों से अ. भा. जैन पत्र संपादक संघ जैन समाज में पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है व अपनी अलग पहिचान बनाए हुए है। संघ के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन के अनुसार आचार्य श्री प्रमुखसागर जी के साथ संपादक संघ वर्ष 2018 से जुडा हुआ है और उनके पावन सान्निध्य में गोवा, मुम्बई, पुष्पगिरि, इटावा, कोलकाता, गोहाटी तथा डीमापुर आदि स्थानों पर अपने अधिवेशन आयोजित कर चुका है।








