परिषद पदाधिकारी मण्डल की बैठक महत्वपूर्ण निर्णयों के साथ हुई सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बडागांव। अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन परिषद पदाधिकारी मण्डल की महत्वपूर्ण बैठक अतिशय क्षेत्र बडागांव में संगठन के अध्यक्ष अनिल पारसदास जैन की अध्यक्षता में 10 अक्टूबर को णमोकार मंत्र के सामूहिक मंगलाचरण से प्रारंभ हुई। बैठक में कोषाध्यक्ष अशोक जैन ने गत बैठक की कार्यवाही पढकर सुनाई जिसको उपस्थित पदाधिकारियों ने ध्वनि मत से पारित किया। सर्व प्रथम वर्ष 2025-26 का आडिटेड वार्षिक लेखा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।इसके साथ ही दशलक्षण पर्व का आय- व्यय प्रस्तुत किया जिसे सभी ने ध्वनिमत से पारित किया। अनिल जी ने कालका जी स्थित जिनालय में हो रहे निर्माण कार्य की जानकारी पदाधिकारी मण्डल को दी।

अध्यक्ष महोदय ने पदाधिकारियों को इंदौर, उज्जैन, दिल्ली एवं अजमेर, उदयपुर में नवीन गठित होने वाली शाखाओं की जानकारी भी दी। आपने तेलंगाना की महिला परिषद द्वारा अहिंसा स्तम्भ के निर्माण तथा मध्यप्रदेश में 500 युवा साथियों द्वारा युवा परिषद के गठन और उनके शपथ ग्रहण पर हर्ष व्यक्त किया तथा इसके लिए युवा परिषद के अध्यक्ष के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की।

पदाधिकारी मण्डल ने इन दोनों विभूतियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करने की भावना व्यक्त की।परिषद की मासिक पत्रिका वीर के नियमित जयपुर से प्रकाशन हेतु संपादन व प्रकाशन का दायित्व डा. अखिल बंसल, जयपुर को सोंपा जिसे डा. बंसल ने स्वीकार किया। आर एन आई की कार्यवाही के लिए डा. बंसल से त्वरित कार्यवाही करने हेतु आग्रह किया गया।

महामंत्री सुनील जी ने बताया कि सागर (मध्यप्रदेश) में मंगलगिरी पर 1000 वर्ग गज का भूखंड परिषद के लिए प्राप्त कर लिया गया है। इस भूखंड पर परिषद कार्यालय, महिला प्रशिक्षण केन्द्र, अतिथि निवास एवं अन्य सामाजिक सुविधाओं का शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किये जाने के लिए कृत संकल्पित हैं ! यह परिषद के लिए गौरव पूर्ण कदम है।

परिषद की प्रतिष्ठा की रक्षा हेतु सुचारू कार्यप्रणाली विकसित करने हेतु आदीश जैन दादा ने लिखित प्रस्ताव दिया जिस पर गहन मंथन किया गया और आदीश जी को राष्ट्रीय प्रवक्ता का दायित्व सोंपते हुए विधि प्रकोष्ठ का सहयोग लेकर संस्था के हित में कार्य करने हेतु प्रेरित किया। बैठक अध्यक्ष को धन्यवाद के साथ बैठक संपन्न हुई!

बैठक में सर्वश्री अनिल पारसदास जैन, सुनील कुमार जैन सागर, अशोक कुमार जैन, डॉ अखिल बंसल, नीरज जैन, अशोक गोयल जैन, आदिश जैन दादा, पुनीत जैन, पीयूष कुमार जैन, पंकज जैन, सुनील जैन जनकपुरी दिल्ली, संदीप जैन, संरक्षिका निधि जैन, रेणु जैन, रेखा गोयल जैन, संतोष जैन आदि पदाधिकारी उपस्थित हुए।

– सुनील कुमार जैन (राष्ट्रीय महामंत्री)

YASH JAYSWAL
Author: YASH JAYSWAL

Leave a Comment

और पढ़ें