तुमकुर (कर्नाटक)। अथाई मीडिया इंटरनेशनल ने अपने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कर्नाटक प्रांत के अध्यक्ष पद पर प्रमुख समाजसेवी एवं गौसेवक श्री गौतमचंद धारीवाल को मनोनीत किया है। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अखिल बंसल ने उनकी सामाजिक सक्रियता, सेवाभाव एवं संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए यह दायित्व सौंपा है।
तुमकुर में जैनाचार्य पूज्य श्री प्रमुखसागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में आयोजित एक विशेष समारोह में डॉ. अखिल बंसल ने श्री धारीवाल को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं मीडिया कर्मियों ने उनका अभिनंदन करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में अथाई मीडिया इंटरनेशनल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री प्रवीण भण्डारी ने श्री गौतमचंद धारीवाल को बधाई देते हुए कहा कि कर्नाटक जैसे महत्वपूर्ण प्रांत में संगठन के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि श्री धारीवाल पत्रकारों, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों एवं समाजसेवियों को एक मंच पर लाकर संगठन को नई दिशा और गति प्रदान करेंगे। साथ ही प्रांतीय एवं जिला स्तर पर शीघ्र कार्यकारिणी गठित कर संगठन की गतिविधियों को सक्रिय बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर नवनियुक्त प्रांतीय अध्यक्ष श्री गौतमचंद धारीवाल ने पूज्य आचार्य श्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि अथाई मीडिया इंटरनेशनल ने उन्हें जो महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण एवं सक्रियता के साथ करेंगे। वे कर्नाटक में पत्रकारिता, साहित्य, सामाजिक सरोकारों एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य करेंगे।
संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अखिल बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि अथाई मीडिया इंटरनेशनल का उद्देश्य पत्रकारों, साहित्यकारों एवं समाजसेवियों को एक साझा मंच प्रदान करना तथा मीडिया, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री गौतमचंद धारीवाल के नेतृत्व में कर्नाटक प्रांत में संगठन नई उपलब्धियां अर्जित करेगा।
समारोह में उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने श्री गौतमचंद धारीवाल का शाल, माला एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। आयोजन सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।









