जयपुर, 14 मार्च: राजस्थान दिवस-2026 के अवसर पर राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में छह दिवसीय स्वच्छता सप्ताह अभियान की शुरुआत की है। यह विशेष अभियान 14 मार्च से 19 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसमें शहरों और कस्बों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई, जल संरक्षण को बढ़ावा देना और पर्यावरण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना है। अभियान के तहत जिला और ग्राम स्तर पर सफाई गतिविधियां शुरू की गई हैं, जिनमें बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई की जा रही है।
अभियान के दूसरे दिन यानी 15 मार्च को पूरे राज्य में ‘विकसित राजस्थान रन’ का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से स्वच्छता और विकास के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा पूरे सप्ताह सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम, क्लीन टॉयलेट डे, तथा ठोस और तरल कचरा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
राज्य के सभी नगर निकायों, स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को इस अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया है। सरकार का कहना है कि जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ और विकसित राजस्थान के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
-यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)









