नई दिल्ली, 26 अप्रैल: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार तड़के स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स की ज्यूरिख जा रही फ्लाइट एलएक्स147 टेकऑफ के दौरान इंजन में आग लगने से रोक दी गई।
रात करीब 1:08 बजे रनवे 28 पर दौड़ते समय एयरबस ए330 के एक इंजन में खराबी के बाद आग लग गई। पायलट ने तुरंत टेकऑफ रद्द कर दिया।
विमान में कुल 232 लोग सवार थे। सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान 6 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक क्रू सदस्य को भी हल्की चोट लगी।
एयरपोर्ट पर तुरंत आपातकाल घोषित कर 5 दमकल गाड़ियां भेजी गईं और स्थिति पर काबू पा लिया गया। फिलहाल विमान की जांच जारी है और एयरलाइन ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है।
– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)








