जेवर, उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनआईए ) के प्रथम चरण का उद्घाटन किया। यह एयरपोर्ट राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय गेटवे के रूप में विकसित किया गया है और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के साथ मिलकर एकीकृत विमानन नेटवर्क के रूप में कार्य करेगा।
पहले चरण में एयरपोर्ट की वार्षिक क्षमता 1.2 करोड़ (12 मिलियन) यात्रियों की रखी गई है। यहां 3,900 मीटर लंबा रनवे बनाया गया है, जिस पर बोइंग 777-300ER जैसे बड़े विमान भी आसानी से उतर सकेंगे, जिससे लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बढ़ावा मिलेगा।
करीब ₹11,200 करोड़ की लागत से तैयार इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया गया है। एयरपोर्ट में इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) और अत्याधुनिक एयरफील्ड लाइटिंग की सुविधा उपलब्ध है, जिससे हर मौसम में 24 घंटे संचालन संभव होगा। इसे ‘DXN’ आईएटीए कोड दिया गया है।
सरकार के अनुसार, इस एयरपोर्ट के शुरू होने से एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। आगामी चरणों में इसकी क्षमता और सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा, जिससे यह देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में स्थापित हो सके।
– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)









