अ.भा. दिगम्बर जैन महिला परिषद का राष्ट्रीय अधिवेशन विविध कार्यक्रमों के साथ उत्साह पूर्वक संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इन्दौर l स्थानीय चंद्रलीला रिसोर्ट में 3 मई को अ.भा.दि. जैन महिला परिषद के अधिवेशन का शुभारंभ परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनिल जैन, महिला परिषद की अध्यक्षा श्रीमती निर्मला जैन, सुमन जैन,पुष्पा कासलीवाल, संदीप राशि जैन,एवं अनिल प्रतिभा बांझल द्वारा ध्वजारोहण व भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। महिला परिषद की केन्द्रीय अध्यक्षा श्रीमती निर्मला जैन ने अपने स्वागत भाषण में विभिन्न राज्यों से आई पदाधिकारी एवं प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में बताया कि उनके इस 4 वर्षीय कार्यकाल में 19 प्रांतों में महिला परिषद की इकाइयां गठित की। इन इकाईयों ने सर्व कल्याणम् के ध्येय वाक्य को दृष्टिगत रखते हुए धर्म, समाज, संस्कृति, गौ सेवा तथा मानव सेवा के साथ नेत्र शिविर, विकलांग शिविर व बाल संस्कार शिविर आयोजित कर एक कीर्तिमान स्थापित किया है। पर्यावरण एवं ज्वलन्त समस्याओं पर गोष्ठियां आयोजित की तथा वृद्ध जनों को सहायता पहुंचाने का कार्य किया है। सेवा मैत्री और सहयोग का मूल मंत्र लेकर हम सब मिलकर और अधिक कार्य करें और कीर्तिमान स्थापित कर इस 103 वर्ष पुरानी संस्था को मजबूती प्रदान करें। उन्होंने कहा कि हम अपना कर्म करते जाएंगे तो उसका लाभ अवश्य मिलेगा। अंत में उन्होंने सभी से जनगणना में जैन लिखाने का आग्रह करते हुए फिजूल खर्ची पर कंट्रोल रखने का आग्रह किया और शादी ब्याह में पानी का मिस यूज न हो इसका प्रयत्न होना चाहिए क्योंकि जल ही जीवन है।

केन्द्रीय महासचिव श्रीमती प्रभा जैन ने अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि महिला परिषद की 19 विभिन्न प्रांतों से पधारी महिलाओं ने 330 शाखों के माध्यम से देश-विदेश में अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की और एक मिसाल कायम की है। उन्होंने बताया कि 15 करोड़ से अधिक की राशि व्यय कर स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन, जरूरतमंदों को चिकित्सा एवं शिक्षा सहायता, महिलाओं को स्वावलंबी बनाने हेतु सिलाई मशीनों का वितरण, स्कूलों में लैपटॉप पंखे व वाटर कूलर उपलब्ध कराए गए। आपने अपनी बात को आगे बढ़ते हुए बताया कि दिव्यांग जनों को ट्राई साइकिल व अन्य उपकरण प्रदान किए गए। इसके साथ ही नेत्र शिविर, पौधारोपण तथा 56 हजार कापियों का वितरण किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि श्री हंसमुख गांधी ने कहा कि समाज में महिला प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सभी क्षेत्रों में महिलाएं सशक्त एवं सक्रिय हैं। उन्होंने बेटियों को अवसर तथा बेटों को संस्कार देने की आवश्यकता पर बल दिया और बच्चों को नौकरी कराने की अपेक्षा व्यवसाय करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के अहिंसा के पैगाम से विश्व में शांति स्थापित हो सकती है। हमारा जैन धर्म में पैदा होना गर्व की बात है। आज विश्व में जैन भोजन ने एक अलग छाप छोड़ी है यह समाज की ताकत का बोध कराती है।

पूर्व अध्यक्ष श्रीमती आशा विनायका ने सबको साथ लेकर चलने की भावना व्यक्त की और जियो और जीने दो को सार्थक करने का आह्वान किया।

युवा परिषद के अध्यक्ष प्रशांत समैया ने परिषद द्वारा समाज हित में किये जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सभी को साथ मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

मीडिया प्रभारी मुक्ता जैन व रुचि चौविश्या ने बताया कि विभिन्न प्रांतों से आई संभागीय महिलाओं ने आकर्षक बैनर प्रजेन्टेशन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनिल जैन ने आगामी कार्यकाल के लिए मनोनीत महिला परिषद की अध्यक्ष सागर निवासी श्रीमती शकुंतला जैन को पद व कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि निर्मला जी के कार्यकाल में महिला परिषद ने आशातीत सफलता प्राप्त की है। महिला परिषद की सर्व कल्याणम की भावना से समाज हित में किये जा रहे कार्य वंदनीय हैं, आशा है शकुंतला जी समाज हित के कार्यों को गतिमान करते हुए संगठन का चहुंमुखी विकास करने में अग्रसर रहेंगी।निवर्तमान अध्यक्ष श्रीमती निर्मला जैन ने करतल ध्वनि के मध्य उन्हें बधाई देते हुए अध्यक्ष की आसन्दी पर बिठाया। इस अवसर पर मनोनीत अध्यक्षा श्रीमती शकुंतला जैन ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए परिषद के 103 वर्ष के गौरवशाली इतिहास को नमन किया और कहा कि परिषद तप, त्याग, सेवा, समर्पण और संगठन की अटूट परंपरा की जीवंत प्रतीक रही है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में सेवा, संस्कार की भावना से निष्ठा पूर्वक कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर विभिन्न प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित करने के साथ परिषद मणि सम्मान, परिषद शिखर सम्मान व परिषद गौरव सम्मान भी प्रदान किये गये, परिषद पत्रिका कर्मोत्सव का विमोचन भी किया गया।समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन, उपाध्यक्ष डी. आर. जैन व विभिन्न प्रांतों के अध्यक्ष सुनील जैन, डा. अखिल बंसल, अशोक जैन, सतीश जैन के अतिरिक्त युवा परिषद के अध्यक्ष प्रशांत समैया भी उपस्थित थे।

      – डा. अखिल बंसल, जयपुर

YASH JAYSWAL
Author: YASH JAYSWAL

Leave a Comment

और पढ़ें