पटना, 15 अप्रैल। बिहार की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला, जब सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। वे भारतीय जनता पार्टी के पहले नेता बन गए हैं, जिन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली है।
राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने पटना स्थित लोक भवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इससे पहले, लंबे समय तक बिहार की राजनीति का नेतृत्व करने वाले नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि उनका यह निर्णय राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद आया।
नई सरकार में जनता दल (यू) के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
सम्राट चौधरी इससे पहले बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं तथा वे भाजपा विधायक दल के नेता भी रहे हैं। उनके नेतृत्व में बनी यह सरकार राज्य की राजनीतिक दिशा में एक महत्वपूर्ण मोड़ मानी जा रही है।
– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)








