आम आदमी पार्टी में बड़ा बदलाव: राघव चड्ढा हटाए गए, अशोक मित्तल बने राज्यसभा में उप-नेता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


नई दिल्ली, 3 अप्रैल 2026: आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में अपने नेतृत्व ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए राघव चड्ढा को उप-नेता पद से हटा दिया है। उनकी जगह अशोक मित्तल को नया उप-नेता नियुक्त किया गया है।

पार्टी ने 2 अप्रैल 2026 को राज्यसभा सचिवालय को आधिकारिक पत्र भेजकर इस बदलाव की जानकारी दी। इसके तुरंत बाद राज्यसभा की वेबसाइट पर भी यह परिवर्तन अपडेट कर दिया गया।

इस फैसले के बाद राघव चड्ढा ने 3 अप्रैल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने “खामोश करवाया गया हूँ, हारा नहीं हूँ” लिखकर अपनी प्रतिक्रिया दी, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

पार्टी के भीतर इस फैसले को लेकर विवाद भी सामने आया है। आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा और दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि चड्ढा ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपेक्षित आक्रामक रुख नहीं अपनाया और संसद में अपेक्षाकृत “सॉफ्ट” मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया।

सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय से यह अनुरोध भी किया है कि भविष्य में राघव चड्ढा को आम आदमी पार्टी के कोटे से बोलने का समय आवंटित न किया जाए।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब आम आदमी पार्टी के भीतर राघव चड्ढा और शीर्ष नेतृत्व के बीच बढ़ती दूरी को लेकर पहले से ही अटकलें लगाई जा रही थीं।

– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलयातन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)

YASH JAYSWAL
Author: YASH JAYSWAL

Leave a Comment

और पढ़ें