लखनऊ, 30 मार्च। योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में कई अहम घोषणाएं कीं। इस दौरान 69,804 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्टफोन के जरिए अब बच्चों और महिलाओं से संबंधित डेटा रियल-टाइम में अपलोड किया जा सकेगा, जिससे योजनाओं की निगरानी अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगी।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब केंद्र “स्मार्ट” हो रहे हैं, तो वहां कार्यरत कर्मियों का मानदेय भी उसी अनुरूप होना चाहिए।
इस अवसर पर 18,440 नए चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। साथ ही 3,170 आंगनबाड़ी केंद्र भवनों और 140 बाल विकास परियोजना कार्यालयों का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया, जिन पर लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
बच्चों के पोषण स्तर की निगरानी के लिए 2 लाख से अधिक ग्रोथ मॉनिटरिंग उपकरण—जैसे स्टेडियोमीटर, इंफैंटोमीटर और वजन मापने की मशीनें—भी वितरित की गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन आधुनिक सुविधाओं से प्रदेश की सेवाएं बेहतर होंगी और आंगनबाड़ी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकेगा।
समाचार संकलन – यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)









