विवेक विहार आग हादसा: चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 9 की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली, 3 मई: तड़के पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार फेज-1 स्थित बी-13 की एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें डेढ़ साल का एक मासूम भी शामिल है। आग की सूचना दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 3:47 बजे मिली।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग दूसरी मंजिल पर लगी और तेजी से तीसरी व चौथी मंजिल तक फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या बाहरी एसी यूनिट में ब्लास्ट के कारण यह हादसा हुआ।

मृतकों में जैन परिवार के कई सदस्य शामिल हैं। दूसरी मंजिल पर रहने वाले अरविंद जैन, अनीता जैन, निशांत जैन, आंचल जैन और आकाश (1.5 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि तीसरी मंजिल पर रहने वाले नितिन जैन, शैले जैन और सम्यक जैन तथा पहली मंजिल की निवासी शिखा जैन भी इस हादसे का शिकार हुईं।

घटना के दौरान इमारत में सुरक्षा के गंभीर इंतजामों की कमी सामने आई। छत का दरवाजा बंद था, केवल एक संकरी सीढ़ी थी जो धुएं से भर गई, और खिड़कियों पर लगी लोहे की ग्रिल व खराब इलेक्ट्रॉनिक लॉक के कारण लोग बाहर नहीं निकल सके।

दमकल विभाग की 14 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब सुबह 6 बजे तक आग पर काबू पाया। इस दौरान 10–15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की पड़ताल की जा रही है।

– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़) 

YASH JAYSWAL
Author: YASH JAYSWAL

Leave a Comment

और पढ़ें