जहानाबाद, 6 अप्रैल। बिहार के जहानाबाद जिले में एक निजी स्कूल के हॉस्टल में 5 वर्षीय बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक आशु कुमार, कड़ौना थाना क्षेत्र के बुलाकी बिगहा गांव का निवासी था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोदीपुर स्थित हॉस्टल प्रबंधन ने सोमवार सुबह परिजनों को बच्चे की तबीयत बिगड़ने की सूचना दी। परिजन जब मौके पर पहुंचे, तो बच्चे के शरीर पर गंभीर जख्म पाए गए, जिसके बाद मामला हत्या का प्रतीत हुआ।
बताया जाता है कि बच्चे को बेहतर शिक्षा के उद्देश्य से महज 10 दिन पहले ही हॉस्टल में दाखिला दिलाया गया था। घटना की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-22 को जाम कर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और लापरवाही व साजिश के आरोप लगाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलयातन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)








