धनबाद.
झारखंड नगर निकाय चुनाव के तहत धनबाद नगर निगम क्षेत्र में चुनाव प्रक्रिया निर्णायक चरण में पहुंच गई है। शनिवार शाम को चुनाव प्रचार थम जाएगा और 23 फरवरी को मतदान होगा। इसके साथ ही शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराने की जिम्मेदारी पूरी तरह जिला पुलिस-प्रशासन पर आ गई है। प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारी का दावा किया है।
55 वार्ड, 974 बूथ, बैलट पेपर से मतदान
धनबाद नगर निगम क्षेत्र के 55 वार्डों में कुल 974 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन बूथों पर 8,97,936 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 4,71,279 पुरुष, 4,26,624 महिला और 33 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस बार ईवीएम के बजाय बैलट पेपर से मतदान कराया जाएगा। बैलट पेपर से मतदान के कारण सुरक्षा और निगरानी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की अलग से पहचान कर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है।
बूथ लूट की आशंका, प्रशासन अलर्ट
सूत्रों के अनुसार कुछ प्रत्याशियों द्वारा बाहर से लोगों को बुलाकर मतदान प्रभावित करने की आशंका जताई गई है। बूथ कब्जा या लूट की संभावित योजना की जानकारी के बाद पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में बाधा डालने, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा।संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें।
सिटी हाक्स का फ्लैग मार्च, भरोसे का संदेश
शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को सिटी हाक्स टीम ने विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर सुमित कुमार के नेतृत्व में निकले मार्च में थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे। मार्च कतरास मोड़, झरिया, बैंकमोड़, सिटी सेंटर, स्टेशन रोड, हीरापुर, सरायढेला सहित कई प्रमुख इलाकों से गुजरा।
अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संभावित संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया और स्थानीय लोगों से संवाद कर निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि हर मतदाता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जोन में बंटा जिला, 48 घंटे सक्रिय रहेगी क्यूआरटी
नगर निकाय चुनाव को लेकर समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को निष्पक्षता और सतर्कता के सख्त निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जिले को सेक्टर और जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और अतिरिक्त बल तैनात रहेंगे।
22 से 23 फरवरी की रात तक क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) को लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। मतपत्र वितरण से लेकर मतपेटियों की सुरक्षित वापसी और मतगणना स्थल तक कड़ा पहरा रहेगा। डिस्पैच सेंटर से मतदान केंद्रों तक जाने वाले सभी मार्गों को पहले से सैनिटाइज किया जाएगा। पूरी चुनावी प्रक्रिया की निगरानी कंट्रोल रूम से लाइव की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि चुनाव शांतिपूर्ण होगा और लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नगर निगम चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को डीएसपी सीसीआर श्री सुमित कुमार के नेतृत्व में सिटी हॉक्स व पुलिस बल ने शहर के कई संवेदनशील इलाकों—कतरास मोड़, झरिया, बैंक मोड़, वासेपुर, भूली, सरायढेला, सिटी सेंटर समेत अन्य क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च किया।
— Dhanbad Police (@dhanbadpolice) February 20, 2026
उपायुक्त महोदय व एसएसपी महोदय के द्वारा आज डिस्पैच व रिसीविंग सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। वाहन कोषांग को लगभग 250 बसें व 250 छोटे वाहन निर्धारित रूट पर समय से रवाना करने के निर्देश दिए गए।
— Dhanbad Police (@dhanbadpolice) February 20, 2026









