नई दिल्ली, 12 मार्च। बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण देश में हवाई यात्रा महंगी होने जा रही है। प्रमुख एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ने 12 मार्च से उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की उड़ानों के टिकटों की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है।
एयरलाइन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 12 मार्च से होने वाली सभी नई घरेलू बुकिंग पर ₹399 का फ्लैट फ्यूल सरचार्ज लागू किया जाएगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए यह बढ़ोतरी चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय रूटों पर सार्क देशों के लिए प्रति टिकट ₹399, जबकि पश्चिम एशिया और खाड़ी देशों के लिए 10 अमेरिकी डॉलर (लगभग ₹840) का सरचार्ज लगाया जाएगा। दक्षिण-पूर्व एशिया के रूट पर यह शुल्क 40 डॉलर से बढ़ाकर 60 डॉलर कर दिया गया है, जबकि अफ्रीका के लिए यह 60 डॉलर से बढ़कर 90 डॉलर होगा।
इसके अलावा यूरोप, उत्तरी अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जाने वाली उड़ानों पर 18 मार्च से फ्यूल सरचार्ज 125 डॉलर से बढ़ाकर 200 डॉलर तक कर दिया जाएगा।
एयरलाइन के अनुसार, विमान ईंधन (एटीएफ) की लागत कुल परिचालन लागत का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा होती है। हाल के दिनों में वैश्विक स्तर पर तेल आपूर्ति प्रभावित होने के कारण ईंधन की कीमतों में तेजी आई है, जिसके चलते यह कदम उठाना आवश्यक हो गया।
एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नया सरचार्ज केवल 12 मार्च या उसके बाद की गई नई बुकिंग पर लागू होगा। पहले से बुक किए गए टिकटों पर इसका असर नहीं पड़ेगा, बशर्ते यात्री अपनी यात्रा की तारीख या रूट में बदलाव न करें।
समाचार संकलन- यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)









