नई दिल्ली, 12 मार्च। राजधानी में इन दिनों स्कूलों में बोर्ड और वार्षिक परीक्षाओं का दौर जारी है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित हो रही हैं।
आज 12 मार्च को कक्षा 12 के अंग्रेजी विषय की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखी गई और परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की गई।
वहीं दिल्ली के सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 3 से 9 और कक्षा 11 के लिए कॉमन एनुअल स्कूल एग्जामिनेशन भी चल रहा है। शिक्षा निर्देशालय, दिल्ली के शेड्यूल के अनुसार ये परीक्षाएं 16 फरवरी से 21 मार्च 2026 के बीच आयोजित की जा रही हैं।
परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त रीडिंग टाइम भी दिया जा रहा है।
इस बीच बोर्ड ने यह भी जानकारी दी है कि खाड़ी देशों—जैसे बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात—में मौजूदा परिस्थितियों के कारण 12 से 16 मार्च के बीच होने वाली कक्षा 12 की कुछ परीक्षाओं को अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है। हालांकि भारत में परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारू रूप से जारी हैं।
– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)









