4 मार्च, 2026:
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मध्यपूर्व के कुछ देशों में आयोजित होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने की घोषणा की है। बोर्ड के अनुसार 5 और 6 मार्च 2026 को निर्धारित कुछ प्रश्नपत्र वर्तमान सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए फिलहाल नहीं कराए जाएंगे।
बोर्ड द्वारा जारी परिपत्र में कहा गया है कि यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। हालांकि भारत सहित अन्य क्षेत्रों में परीक्षाएँ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संचालित की जा रही हैं।
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि स्थगित परीक्षाओं की नई तिथियाँ शीघ्र घोषित की जाएंगी। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक वेबसाइट और विद्यालयों के माध्यम से ही सूचना प्राप्त करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में देश-विदेश से लाखों विद्यार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। ऐसे में बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
लेखक- यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय)









