7 मार्च, 2026। देशभर में रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर के दामों में शनिवार से बढ़ोतरी लागू हो गई है। तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत में ₹60 की वृद्धि की है, जबकि व्यावसायिक सिलेंडर (19 किलोग्राम) के दाम में करीब ₹115 तक का इजाफा किया गया है।
नई कीमतों के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगभग ₹913 हो गई है। मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत अन्य महानगरों में भी गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं।
तेल कंपनियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण यह वृद्धि की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार की अनिश्चितता का असर भी गैस की कीमतों पर पड़ा है।
कीमतों में इस बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर असर पड़ने की संभावना है। वहीं होटल, ढाबा और रेस्तरां जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लागत भी बढ़ सकती है।
लेखक – यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)









