जम्मू-कश्मीर, 20 अप्रैल। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हो गए। रामनगर से उधमपुर जा रही एक यात्री बस सुबह करीब 10 बजे कगोर्ट गांव के पास एक खतरनाक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि बस तेज मोड़ पर फिसलकर लगभग 100 मीटर नीचे ढलान पर लुढ़क गई। इस दौरान बस पलट गई और नीचे सड़क पर चल रहे एक ऑटो-रिक्शा को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद वह उलटी अवस्था में जा गिरी।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद सेना, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें भी पहुंचीं। क्षतिग्रस्त बस को हटाने के लिए हाइड्रोलिक क्रेन का सहारा लिया गया। घायलों को जिला अस्पताल उधमपुर में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को जीएमसी जम्मू एयरलिफ्ट किया गया।
मृतकों के परिजनों के लिए नरेंद्र मोदी ने 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं, उमर अब्दुल्ला ने भी मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 25 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता देने का ऐलान किया है।
घटना की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। हादसे के कारणों में तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)







