मुंबई, 10 मार्च। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और फैक्ट्री से घना धुआं उठता देखा गया।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में रखे केमिकल ड्रमों के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ड्रमों में धमाके भी हुए। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
प्रशासन के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन की बताई जा रही है।
– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)









