नई दिल्ली/असम। भारतीय वायुसेना का एक अत्याधुनिक सुखोई Su-30 MKI लड़ाकू विमान गुरुवार शाम असम में उड़ान के दौरान रडार से संपर्क टूटने के बाद लापता हो गया। घटना के बाद वायुसेना ने तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
वायुसेना अधिकारियों के अनुसार यह विमान असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरकर नियमित मिशन पर गया था। उड़ान के कुछ समय बाद शाम लगभग 7 बजकर 42 मिनट पर विमान का ग्राउंड कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके बाद से विमान की स्थिति का पता नहीं चल पाया है।
भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि विमान निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटा, जिसके कारण इसे “ओवरड्यू” घोषित किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही वायुसेना की एक विशेष टीम को मौके पर भेजा गया है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है।
वायुसेना ने यह भी बताया कि विमान का पता लगाने के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि विमान और उसके चालक दल के बारे में जानकारी मिल सके।
फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
समाचार लेखक: युवराज कुमार (प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)









