मंगलायतन विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई–7 द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का सफल संपादन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंगलायतन विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई–7 के तत्वावधान में दिनांक 16 फरवरी 2026 से 22 फरवरी 2026 तक सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विश्वविद्यालय प्रशासन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. पूनम रानी द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीष राव अम्बेडकर के निर्देशन में विविध गतिविधियाँ संचालित की गईं।

शिविर के अंतर्गत सामाजिक जागरूकता से संबंधित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पोषण जागरूकता पहल के माध्यम से ग्रामीणों को संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा कुपोषण की रोकथाम के उपायों की जानकारी प्रदान की गई। साक्षरता अभियान के तहत शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए निरक्षर व्यक्तियों को शिक्षित बनने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों में महिलाओं को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य संबंधी सजगता, आत्मनिर्भरता तथा स्वरोजगार के अवसरों से अवगत कराया गया। उपभोक्ता जागरूकता सत्रों में उपभोक्ता अधिकार, सुरक्षित डिजिटल भुगतान और शिकायत निवारण तंत्र के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी देकर ग्रामीणों को उनसे लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर के दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत बालिका शिक्षा एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई तथा स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता रैली एवं स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने संदेश में कहा कि एनएसएस के विशेष शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व कौशल और सेवा भावना को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम हैं। सात दिनों तक चले इस शिविर में स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को साकार किया।

समाचार लेखक: युवराज कुमार (प्रशिक्षु मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)

YUVRAJ KUMAR
Author: YUVRAJ KUMAR

प्रशिक्षु, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़

Leave a Comment

और पढ़ें