मालदा हिंसा: मुख्य साजिशकर्ता मोफक्करुल इस्लाम गिरफ्तार, एनआईए को सौंपी गई जांच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोलकाता, 3 अप्रैल 2026: पश्चिम बंगाल पुलिस ने मालदा हिंसा मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोफक्करुल इस्लाम को बागडोगरा एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वह राज्य से फरार होने की कोशिश कर रहा था, तभी सी.आइ.डी टीम ने उसे पकड़ लिया।

1 अप्रैल 2026 को मालदा जिले के कालियाचक-II ब्लॉक विकास कार्यालय में हुई घटना में एक उग्र भीड़ ने सात न्यायिक अधिकारियों को लगभग 9 घंटे तक बंधक बना लिया था। इनमें तीन महिला अधिकारी भी शामिल थीं। इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

गिरफ्तार आरोपी मोफक्करुल इस्लाम कलकत्ता हाईकोर्ट के वकील और ए.आई.एम.आई.एम से जुड़े नेता हैं। वह 2021 विधानसभा चुनाव में इटाहार सीट से उम्मीदवार रह चुके हैं। पुलिस के अनुसार, वह इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य साजिशकर्ता है।

बताया जा रहा है कि यह विरोध प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर शुरू हुआ था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।

इस मामले में अब तक 35 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, जांच को और व्यापक बनाने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी को यह केस सौंप दिया गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने इस घटना को “निंदनीय” बताते हुए कहा कि यह न्यायिक कार्य में बाधा डालने की एक सुनियोजित साजिश प्रतीत होती है।

गिरफ्तारी के बाद इस्लाम ने कहा कि जब तक मतदाता सूची में हटाए गए नाम बहाल नहीं किए जाते, तब तक विरोध जारी रहेगा।

– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलयातन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)

YASH JAYSWAL
Author: YASH JAYSWAL

Leave a Comment

और पढ़ें