लेह, 4 अप्रैल 2026: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा शुरू किया गया ‘मिशन MITRA (अंतरसंचालनीय लक्षणों का मानचित्रण और प्रतिक्रिया मूल्यांकन) इन दिनों लेह, लद्दाख में जारी है। यह मिशन 2 अप्रैल 2026 को शुरू हुआ था और 9 अप्रैल तक चलेगा।
इस मिशन के तहत भारत के गगनयात्रियों को अत्यधिक ठंड, कम ऑक्सीजन (हाइपोक्सिया) और एकांत जैसे कठिन वातावरण में रखा गया है, ताकि अंतरिक्ष जैसी परिस्थितियों का अनुभव कराया जा सके। इन परिस्थितियों में उनकी मानसिक मजबूती, टीमवर्क और दबाव में निर्णय लेने की क्षमता का परीक्षण किया जा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, लद्दाख का ऊंचाई वाला क्षेत्र अंतरिक्ष मिशनों के लिए एक आदर्श ‘एनालॉग’ वातावरण प्रदान करता है। इसी कारण इस स्थान का चयन किया गया है, जहां पृथ्वी पर रहते हुए अंतरिक्ष जैसी चुनौतियों का अभ्यास किया जा सकता है।
यह मिशन भारत के महत्वाकांक्षी मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम ‘गगनयान’ की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। इससे प्राप्त अनुभव और आंकड़े भविष्य में भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को वास्तविक अंतरिक्ष मिशन के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने में मदद करेंगे।
– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलयातन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)








