ईरान से 345 भारतीय मछुआरों की सुरक्षित वापसी, चेन्नई पहुंचे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चेन्नई: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान में फंसे 345 भारतीय मछुआरों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया है। ये सभी मछुआरे शनिवार, 4 अप्रैल की शाम चेन्नई हवाई अड्डा पहुंचे।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में युद्ध जैसी स्थिति और हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण इन मछुआरों को निकालना चुनौतीपूर्ण था। भारत सरकार ने एक विशेष अभियान चलाकर पहले इन्हें सड़क मार्ग से आर्मीनिया पहुंचाया, जहां तक लगभग 20 घंटे का लंबा सफर तय किया गया। इसके बाद वहां से विशेष विमान के जरिए इन्हें चेन्नई लाया गया।

वापस लौटे मछुआरों में अधिकांश तमिलनाडु के कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली और नागपट्टिनम जिलों से हैं, जबकि कुछ मछुआरे केरल, पुडुचेरी, गुजरात और ओडिशा के भी शामिल हैं।

चेन्नई पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और स्थानीय नेताओं ने इनका स्वागत किया। वहीं विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस सफल अभियान में सहयोग के लिए आर्मेनिया सरकार और वहां के विदेश मंत्री अरात मिर्ज़ोयान का आभार जताया।

इस अभियान को हाल के समय में भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए चलाए गए प्रमुख राहत अभियानों में एक माना जा रहा है।

– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलयातन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)

YASH JAYSWAL
Author: YASH JAYSWAL

Leave a Comment

और पढ़ें