मनाडो (इंडोनेशिया), 2 अप्रैल 2026: इंडोनेशिया के उत्तरी मोलुका सागर में गुरुवार तड़के एक तेज भूकंप ने लोगों को दहशत में डाल दिया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.4 मापी गई। भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 6:48 बजे आया, जबकि भारत में यह लगभग सुबह 4:18 बजे महसूस किया गया।
भूकंप का असर उत्तरी सुलावेसी क्षेत्र में सबसे ज्यादा देखने को मिला। मनाडो शहर में एक इमारत गिरने से 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इसके अलावा टर्नेट और बिटुंग समेत कई इलाकों में घरों, चर्च और सरकारी इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबरें हैं।
भूकंप के तुरंत बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई, जिससे तटीय क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। हालांकि, करीब दो घंटे बाद हालात का जायजा लेने के बाद चेतावनी वापस ले ली गई। इस दौरान कुछ तटीय इलाकों में समुद्री लहरें लगभग 75 सेंटीमीटर तक ऊंची दर्ज की गईं।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
– यश जयसवाल (प्रशिक्षु, मंगलयातन विश्वविद्यालय, अलीगढ़)









